पर्यटन की दृष्टि से महत्वपूर्ण सड़क को आज भी डीपीआर स्वीकृत होने का इंतजार
संवाद न्यूज एजेंसी
रोहड़ू। पर्यटन की दृष्टि से महत्वपूर्ण राेहड़ू-चिड़गांव सड़क के विस्तारीकरण का कार्य कागजों के फेर में फंसकर रह गया है। लोक निर्माण विभाग ने सड़क की दो डीपीआर करीब 69 करोड़ रुपये की लागत से तैयार की है, लेकिन सड़क के विस्तारीकरण का कार्य डीपीआर से आगे नहीं बढ़ सका है। रोहड़ू-चिड़गांव 15 किलोमीटर सड़क से डोडरा क्वार उपमंडल सहित चिड़गांव तहसील की 32 पंचायतों के लोग लाभान्वित होते हैं। यह मार्ग पर्यटक स्थल चांशल घाटी, चंद्रनाहन, खरशाली और क्वार को जोड़ता है। लोक निर्माण विभाग ने राेहड़ू से टिक्करी तक 21 किलोमीटर सड़क के विस्तारीकरण के लिए 50 करोड़ रुपये की डीपीआर तैयार कर केंद्रीय सड़क निधि (सीआरएफ) की स्वीकृति के लिए केंद्र सरकार के पास भेजी है। डीपीआर अभी तक स्वीकृत नहीं हुई है। वहीं, विभाग ने राेहड़ू से चिड़गांव तक 15 किलोमीटर सड़क को पक्का करने के लिए 19 करोड़ रुपये की डीपीआर अलग से तैयार की है। इस डीपीआर को भी स्वीकृति के लिए भेजा है, लेकिन अभी तक इसकी भी स्वीकृति नहीं मिली है। इस कारण राेहड़ू-चिड़गांव सड़क का विस्तारीकारण का कार्य फंस गया है। यह मार्ग कई स्थानों पर उखड़ चुका है। सड़क पर गड्ढे पड़ गए हैं, अगर शीघ्र मार्ग को सुधारा नहीं गया, तो सड़क की स्थिति दयनीय हो सकती है। ऐसे में लोक निर्माण विभाग को सड़क को सुधारने और विस्तारीकरण के लिए डीपीआर स्वीकृत होने का इंतजार है। लोक निर्माण मंत्री विक्रमादित्य सिंह ने भी राेहड़ू दौरे के दौरान सड़क की डीपीआर के मुद्दे को केंद्र से समक्ष उठाने का आश्वासन दिया था।
सड़क की डीपीआर तैयार करके स्वीकृति के लिए भेजी है। जैसे ही डीपीआर को स्वीकृति मिलेगी, सड़क के सुदृढ़ीकरण का कार्य आरंभ किया जाएगा। - प्रमोद कुमार उप्रेती, अधीक्षण अभियंता, लोक निर्माण विभाग