प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) को लेकर धर्मपुर विकास खंड की बहरी पंचायत के ग्रामीण शुक्रवार को बीडीओ कार्यालय धर्मपुर पहुंचे। ग्रामीणों ने बीडीओ बालम राम को ज्ञापन सौंपते हुए मांग की कि पंचायत के ऐसे गरीब एवं पात्र परिवारों को भी प्रधानमंत्री आवास योजना का लाभ दिया जाए, जो अब तक योजना से वंचित हैं। ग्रामीणों का कहना था कि पंचायत में कई जरूरतमंद परिवार आज भी कच्चे एवं जर्जर मकानों में रहने को मजबूर हैं, जबकि कुछ ऐसे लोगों के नाम योजना की सूची में शामिल किए गए हैं, जिनके पास पहले से रहने योग्य मकान मौजूद हैं। उन्होंने मांग की कि योजना में शामिल किए गए लाभार्थियों के मकानों का मौके पर जाकर निष्पक्ष निरीक्षण किया जाए, ताकि वास्तविक पात्र लोगों को ही योजना का लाभ मिल सके। ग्रामीणों ने बीडीओ से आग्रह किया कि प्रधानमंत्री आवास योजना के चयन की पूरी प्रक्रिया की पारदर्शी जांच करवाई जाए तथा अपात्र पाए जाने वाले लोगों के स्थान पर वास्तविक जरूरतमंद परिवारों को योजना में शामिल किया जाए। उन्होंने कहा कि सरकार की जन कल्याणकारी योजनाओं का लाभ सही पात्र व्यक्तियों तक पहुंचना चाहिए। इस दौरान बीडीओ धर्मपुर बालम राम ने ग्रामीणों की बात गंभीरता से सुनी और उन्हें आश्वस्त किया कि पूरे मामले की निष्पक्ष जांच करवाई जाएगी।