बीबीएमबी पंडोह डैम की झील में बुधवार शाम को एक ऐसा नजारा देखने को मिला जिसने हर किसी को सुपरहिट फिल्म ‘पुष्पा’ की याद दिला दी। झील की सतह पर दूर-दूर तक फैली लकड़ियों का दृश्य ऐसा था जैसे पुष्पा फिल्म के किसी क्लाइमेक्स शूटिंग का हिस्सा हो। दरअसल, जिला कुल्लू के ऊपरी इलाकों में बादल फटने के कारण भारी मात्रा में पानी के साथ बहकर लकड़ियां व्यास नदी के जरिये पंडोह डैम तक पहुंच गईं। देखते ही देखते झील लकड़ियों से लबालब भर गई। डैम की सतह पर तैरती इन लकड़ियों को देखकर लोगों ने मजाकिया अंदाज़ में कहा – "पुष्पा राज का माल पहुंच गया है!" हालात को नियंत्रण में लेने के लिए बीबीएमबी प्रशासन ने डैम के पांचों गेट खोल दिए ताकि पानी के साथ इन लकड़ियों को आगे भेजा जा सके। गेट खुलने के साथ ही व्यास नदी के तेज बहाव में तैरती लकड़ियों का रेला एक रोमांचक दृश्य बन गया, जिसे देखने के लिए डेम के साथ लगते पहाड़ों पर लोगों की भीड़ भी जमा हो गई। बीबीएमबी के अधिकारी ने बताया कि बर्फबारी के बाद अक्सर लकड़ियां बहकर आती हैं, लेकिन इस बार संख्या बहुत ज़्यादा थी। सभी गेट खोलकर स्थिति को नियंत्रित किया गया।स्थानीय युवाओं ने इसे मौके को मोबाइल कैमरों में कैद किया और सोशल मीडिया पर कई वीडियो वायरल हुए।