चंडीगढ़-मनाली नेशनल हाईवे पर मंडी-पंडोह के बीच नौ मील क्षेत्र में सड़क की स्थिति बेहद चिंताजनक बनी हुई है। करीब 100 मीटर लंबे हिस्से में सड़क एक ओर से टूट चुकी है, वहीं दूसरी ओर बारिश में पहाड़ से लगातार मलबा और पत्थर गिर रहे हैं। ऐसे में यहां से गुजरना वाहन चालकों और पर्यटकों के लिए खतरे से खाली नहीं। भारी बारिश के चलते पहाड़ी से मलबा गिरने का सिलसिला तेज हो जाता है। रोजाना मंडी आने-जाने वाले स्थानीय लोग, स्कूली और कॉलेज छात्र इस खतरनाक क्षेत्र में जाम में फंसते हैं। पंडोह निवासी राजकुमार और बस चालक देशराज ने एनएचएआई और निर्माण कंपनी की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े किए हैं। उनका कहना है कि जब से इस क्षेत्र में फोरलेन की कटिंग शुरू हुई है, तब से यहां की पहाड़ी कमजोर हो गई है और हर बारिश में भूस्खलन की घटनाएं आम हो गई हैं। एनएचएआई के प्रोजेक्ट डायरेक्टर वरुण चारी ने बताया कि इस क्षेत्र की पहाड़ी की स्थिति बेहद अस्थिर है। कटिंग कार्य पहले ही बंद किया जा चुका है। वर्तमान में लगभग 300 मीटर लंबे वायर डक ब्रिज (फ्लाईओवर) के निर्माण का डीपीआर तैयार कर मुख्यालय भेजी गई है। स्वीकृति मिलते ही टेंडर प्रक्रिया शुरू कर निर्माण कार्य जल्द शुरू किया जाएगा।