लडभड़ोल क्षेत्र की ग्राम पंचायत ऊपरी धार के गांव छंछेहड़ का संपर्क मार्ग पिछले 10 वर्षों से अपनी दुर्दशा पर आंसू बहा रहा है। आलम यह है कि दो किलोमीटर लंबी इस सड़क पर पैदल चलना भी दूभर हो गया है। वहीं मुख्य निमेलरी से छंछेहड़ अपर तक की तीन किलोमीटर सड़क भी गड्ढों में तब्दील हो चुकी है। हाल ही में हुई भारी बारिश के कारण छंछेहड़ लिंक रोड के दो हिस्से धंस गए हैं। इससे आवाजाही पूरी तरह से ठप हो गई है। युवक मंडल छंछेहड़ के सदस्यों और स्थानीय निवासियों संतोष कुमार, विक्की, जीत कुमार, रमेश, पवन, जगदीश, और जोगिंद्र ने बताया कि सड़क की हालत इतनी दयनीय है कि गांव में किसी के बीमार पड़ने पर एंबुलेंस तक नहीं पहुंच पाती है। मरीजों को दो किलोमीटर तक कंधे पर उठाकर मुख्य सड़क तक पहुंचाना पड़ता है। उन्होंने कहा कि इस समस्या को लेकर कई बार पंचायत प्रतिनिधियों को अवगत कराया गया, लेकिन 10 साल बीत जाने के बावजूद भी संपर्क मार्ग की मरम्मत नहीं हो पाई हैं। उधर, ग्राम पंचायत ऊपरी-धार के प्रधान स्वरूप चंद ने बताया कि लिंक रोड का मामला उनके ध्यान में है। उन्होंने आश्वासन दिया है कि जल्द ही लिंक रोड पर कंक्रीट का कार्य शुरू कर दिया जाएगा।