हिमाचल प्रदेश राजकीय महाविद्यालय शिक्षक संघ (एचजीसीटीए) की वल्लभ राजकीय महाविद्यालय मंडी इकाई ने बुधवार को महाविद्यालय परिसर में काली पट्टियां बांधकर गेट मीटिंग आयोजित की। शिक्षकों ने विभागीय पदोन्नति समिति (डीपीसी) की बैठक शीघ्र करवाने और लंबित महंगाई भत्ता (डीए) एरियर जारी करने की मांग उठाई। दोपहर बाद आयोजित बैठक में शिक्षकों ने प्रशासनिक स्तर पर हो रही देरी के खिलाफ शांतिपूर्ण विरोध दर्ज कराया। एचजीसीटीए पदाधिकारियों ने कहा कि महाविद्यालय शिक्षक संवर्ग में लंबे समय से कॅरियर ठहराव की स्थिति बनी हुई है। वर्ष 2021 के बाद से डीपीसी आयोजित नहीं हुई है, जिसके चलते अनेक पात्र सहायक आचार्य पदोन्नति और वेतनमान से जुड़े लाभों से वंचित हैं। एचजीसीटीए की राज्य अध्यक्ष डॉ. बनीता सकलानी सहित अन्य पदाधिकारियों ने कहा कि शिक्षकों की मांगें पूरी तरह न्यायोचित हैं और इन पर शीघ्र निर्णय लिया जाना चाहिए।