पंडोह के कैंची मोड़ के समीप शिवाबदार मार्ग को खोलने का कार्य नाै दिन बाद भी पूरा नहीं हो पाया है। 1 अगस्त को भारी भूस्खलन के कारण यह मार्ग और नेशनल हाईवे पूरी तरह बंद हो गया था। नेशनल हाईवे को एनएचएआई ने कड़ी मशक्कत के बाद बहाल तो कर दिया था, लेकिन शिवाबदार मार्ग पर गिरी विशाल चट्टानों के कारण आवागमन अब तक ठप है। स्थानीय ग्रामीणों ने बताया कि लोक निर्माण विभाग और ठेकेदार मार्ग खोलने के लिए तेजी से काम कर रहे हैं, लेकिन एनएच इस मार्ग की बहाली में बाधा बन रहा है। उनका कहना है कि शिवाबदार मार्ग के ठीक नीचे नेशनल हाईवे है, जिसे लंबे समय तक बंद रखना संभव नहीं है। यही वजह है कि बड़े-बड़े पत्थर हटाने के कार्य में दिक्कत आ रही है। कंपनी के प्रबंधन महेंद्र कुमार नें बताया कि रास्ता खोलने का कार्य जारी है। लेकिन पहाड़ से बड़ी चट्टाने खिसक रही है। ग्रामीणों में पवन कुमार और राम चंद्र ने बताया कि 2 वर्ष पहले पंडोह का लाल पुल टूट जाने से पहले ही उन्हें भारी मुश्किलों का सामना करना पड़ रहा है और अब शिवाबदार पहुंचने का यह इकलौता मार्ग भी 1 अगस्त से बंद है।