रोटरी क्लब ऑफ छोटी काशी मंडी ने वर्ष 2026-27 के लिए अपनी नई कार्यकारिणी का गठन कर लिया है। इंस्टालेशन सेरेमनी के दौरान रोटेरियन अखिलेश भारती ने क्लब के नए अध्यक्ष के रूप में कार्यभार संभाला, जबकि जसपाल सिंह को सचिव की जिम्मेदारी सौंपी गई। रोटरी प्रोटोकॉल के तहत आयोजित इस समारोह में डिस्ट्रिक्ट गवर्नर इलेक्ट विजय साहदेव मुख्य अतिथि के रूप में मौजूद रहे। उन्होंने नवगठित कार्यकारिणी को शुभकामनाएं देते हुए रोटरी के सेवा, नेतृत्व और सामाजिक दायित्वों पर प्रकाश डाला। विजय साहदेव ने क्लब से नियमित सामाजिक गतिविधियों के साथ एक बड़े और प्रभावी सेवा प्रोजेक्ट पर काम करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि ऐसे प्रोजेक्ट क्लब को डिस्ट्रिक्ट और ग्लोबल ग्रांट प्राप्त करने में मदद कर सकते हैं तथा समाज में रोटरी की पहचान को और मजबूत बना सकते हैं। उन्होंने सेवा कार्यों की जानकारी अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाने पर भी जोर दिया। नवनियुक्त अध्यक्ष अखिलेश भारती ने शपथ ग्रहण के बाद अपने कार्यकाल का विजन साझा करते हुए कहा कि क्लब समाज पर स्थायी प्रभाव छोड़ने वाला कम से कम एक बड़ा सेवा प्रोजेक्ट शुरू करने का प्रयास करेगा। उन्होंने सभी सदस्यों से सेवा गतिविधियों में सक्रिय भागीदारी निभाने और संगठनात्मक एकजुटता को मजबूत करने की अपील की।