जिला स्वास्थ्य विभाग ने लोगों से बरसात के इस मौसम में पानी को अच्छी तरह उबालकर पीने की सलाह दी है। इस मौसम में जलजनित रोगों का खतरा अधिक बढ़ जाता है और इन दिनों जिला भर के अस्पतालों में रोजाना ऐसे लोग उपचार के लिए आ भी रहे हैं। बरसात में डायरिया, डायसेंटरी, मलेरिया, टायफाइड और डेंगू आदि का खतरा अधिक बढ़ जाता है। स्वास्थ्य विभाग ने लोगों को सलाह दी है कि वे पानी को पहले अच्छी तरह से उबाल लें और उसके बाद उसे ठंडा करके ही इस्तेमाल करें। अपने घरों के आस पास साफ सफाई का विशेष ध्यान रखें। यदि लोग इस तरह की सावधानियां बरतेंगे तो फिर वे जलजनित रोगों से स्वतः ही दूर रहेंगे और उन्हें अस्पताल आदि के चक्कर नहीं काटने पड़ेंगे। सीएमओ मंडी डाॅ. दिनेश ठाकुर ने लोगों से अपील की है कि वे बीमारी की स्थिति में लापरवाही न बरतें और जब भी बुखार या अन्य लक्ष्ण दिखें तो तुरंत प्रभाव से अपने नजदीकी स्वास्थ्य संस्थान में जाकर जांच करवाकर उपचार लें। उन्होंने बताया कि विभाग के पास दवाइयों की पर्याप्त व्यवस्था है।