राज्य प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड क्षेत्रीय कार्यालय मंडी ने अपनी 50वीं वर्षगांठ एवं अंतरराष्ट्रीय ई-वेस्ट दिवस 2025 के उपलक्ष्य में एक विशेष ई-वेस्ट संग्रहण अभियान का आयोजन किया। इस अवसर पर राज्य प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड क्षेत्रीय कार्यालय मंडी द्वारा स्थानीय नागरिकों एवं वाणिज्यिक प्रतिष्ठानों से ई-वेस्ट एकत्र करने हेतु सेरी मंच, मंडी में एक ई-वेस्ट कियोस्क स्थापित किया गया। अभियान के दौरान स्थानीय निवासियों एवं दुकानदारों द्वारा विभिन्न अनुपयोगी इलेक्ट्रॉनिक वस्तुएं जैसे मोबाइल फोन, चार्जर, लैपटॉप, बैटरियां आदि जमा की गईं। इस गतिविधि का मुख्य उद्देश्य लोगों में ई-कचरे के सुरक्षित एवं पर्यावरणीय दृष्टि से सही प्रबंधन के प्रति जागरुकता बढ़ाना है। इस अवसर पर क्षेत्रीय अधिकारी, राज्य प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड मंडी विनय कुमार ने नागरिकों से अपील की कि वे अपने अनुपयोगी इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों को जिम्मेदारीपूर्वक जमा करें। उन्होंने बताया कि नागरिक अपने ई-कचरे को अपने निकटवर्ती नगर परिषद कार्यालयों अथवा राज्य प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड, क्षेत्रीय कार्यालय मंडी (गुटकर, रिलायंस पेट्रोल पंप के समीप) में कार्यालय समय के दौरान जमा कर सकते हैं।