चारों ओर जलती मशालों की रोशनी से नाऊ गांव जगमगा उठा। मौका था माता अंबिका के वार्षिक होम उत्सव का। भगवती माता अंबिका नाऊ का प्रसिद्ध होम उत्सव इस बार शुक्रवार 22 अगस्त को धूमधाम से मनाया गया। रात्रि करीब दस बजे माता के रांघड भंडार से माता की जलेब ने मशालों के साथ प्रस्थान किया और करीब 11:00 बजे नाऊ वासियों ने हाथों में मशाल लेकर माता का स्वागत किया। इसके बाद रात करीब 12 बजे पनाऊ गांव के लोगों का जुलूस माता के मंदिर पहुंचा। इस दौरान चारों ओर जलती मशालों से पूरा नाऊ क्षेत्र जगमगा उठा और एक अद्भुत नजारा देखने का मिला। रात 12:00 बजे के बाद से माता के मंदिर में अग्नि प्रज्वलित की गई और देव परंपराओं का निवर्हन किया गया। नाऊ होम के दौरान देव आस्था की एक अलौकिक झलक देखने को मिली। 23 अगस्त शनिवार की सुबह माता का श्रृंगार सुबह पांच बजे किया गया। इसके बाद मंदिर में गुर के माध्यम से भक्तों के दुखों का निवारण किया गया । 23 शनिवार अगस्त शाम करीब चार बजे पनाऊ गांव में माता का प्रवेश हुआ। 24 अगस्त रविवार को मेले में देवी-देवताओं का आगमन होगा। देवी-देवताओं के आगमन के बाद नाऊ मेले का विधिवत शुभारंभ होगा। 26 अगस्त मंगलवार को देवी-देवताओं की विदाई के साथ ही नाऊ मेले का समापन होगा।