हिमाचल प्रदेश भवन एवं सन्ननिर्माण कामगार कल्याण बोर्ड के सौजन्य से नाचन विधानसभा क्षेत्र की ग्राम पंचायत गोहर के गांव डल में बोर्ड की जन कल्याणकारी योजनाओं को आम जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से एक दिवसीय जागरुकता शिविर का आयोजन किया गया। इसमें ग्राम पंचायत गोहर, बासा, नेहरा, चैलचौक, दाण से लगभग 200 लोगों ने भाग लिया। हिमाचल प्रदेश भवन एवं सन्ननिर्माण कामगार कल्याण बोर्ड अध्यक्ष नरदेव सिंह कंवर इसमें बतौर मुख्य अतिथि शामिल हुए। नरदेव सिंह कंवर ने कहा कि इस जागरुकता शिविर का उद्देश्य श्रमिकों और कामगारों को उनके अधिकारों और सरकार की कल्याणकारी योजनाओं के बारे में जानकारी प्रदान करना है। उन्होंने कहा कि कोई भी ऐसा व्यक्ति जिसने 12 माह में मनरेगा के माध्यम से कम से कम 90 दिनों तक कार्य किया है, वह श्रम कल्याण अधिकारी कार्यालय में पंजीकरण कर सकता है। अगर किसी व्यक्ति के 90 दिन पूरे नहीं हुए हों और व्यक्ति की ओर से निजी स्तर पर भी श्रमिक के रूप में कार्य किया गया हो, वह भी संबंधित वार्ड सदस्य व ग्राम पंचायत प्रधान के सत्यापन पर श्रम कल्याण अधिकारी कार्यालय में अपना पंजीकरण कर सकता है।