लागा ढोलो रा ढमाका म्हारा हिमाचल बड़ा बांका, ...शिल्पा शिमले वालिये, रोहडू जाना मेरी आमिए गानों पर मंडी के ऐतिहासिक सेरी मंच व चानणी में सोमवार रात को खूब धमाल मचा। सीटियां बजाकर दर्शकों ने अपने महबूब कलाकार लोक गायक कुलदीप शर्मा का स्वागत किया। कुलदीप शर्मा ने भी युवाओं को निराश न करते हुए पसंदीदा गानों की झड़ी लगाते हुए युवाओं का खूब मनोरंजन किया। यह मौका था अंतरराष्ट्रीय महाशिवरात्रि महोत्सव मंडी 2026 की पहली सांस्कृतिक संध्या का। संध्या में उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने बतौर मुख्य अतिथि शिरकत की। जबकि धर्मपुर विधायक चंद्रशेखर उनके साथ मौजूद रहे। संध्या में इंडियन आइडल फेम नितिन शर्मा और शिमला निवासी नेहा दीक्षित की दमदार व सुरीली आवाज भी दर्शकों के सिर चढ़कर बोली। दर्शकों की सीटियों व हूटिंग ने उभरते हुए कलाकारों का हौसला बढ़ाया। इंडियन आइडल फेम ऊना जिला के युवा कलाकार इंडियन आइडल फेम नितिन शर्मा ने मंच पर आते ही देश भक्ति गीत संदेशे आते हैं हमें तड़पाते है से शुरूआत करते हुए दर्शकों में देश भक्ति की भावना को उजागर किया। उनके गाये तुम्हे दिल लगी भुलानी पड़ेगी, मेरे रश्क ए कमर तेरी पहली नजर, तेरे मस्त मस्त दो नैन सहित पहाड़ी व पंजाबी गीतों से पंडाल झूमने पर मजबूर हो गया। वहीं, सारेगामापा फेम नेहा दीक्षित ने मंच पर आते ही सभी का अभिवादन किया। उन्होंने लेटेस्ट बालीवुड गीत सैंयारा तू तो बदला नहीं है... मौसम जरा सा रूठा हुआ है... गाकर माहौल रोमांटिक कर दिया। इसके अलावा उन्होंने ले जाएं कहा ये हवाएं, प्यार करने वाले प्यार करते हैं शान से सहित पहाड़ी गीतों माहौल अलग बनाया। इससे पहले सांस्कृतिक संध्या का आगाज बीरी सिंह एवं पार्टी ने मंगलाचरण से किया। लोक गायिका जोनी ठाकुर मत छेड़ सावरिया पाप लगे, आजा रे आजा रे, तुम सामने बैठो, जमाने को पीछे कहीं छोड़ दें हम, बदले तेवर तेरे रे जमाना, कांटा चूटा गुमरो रा रे गाकर दर्शकों वाहवाही लूटी। इस्कॉन संस्था मंडी के कलाकारों ने श्री कृष्ण गोविंद हरे मुरारी हे नाथ नारायण वासुदेवा, हमीरपुर से प्रियंका ने ओ नौकरा अंब पक्के घर आ, कांगड़ा से मीनाक्षी ने एस गराएं देया लंबड़ा इन्हां छोरूवां जो देया समझाई गाकर दर्शकों की तालियां बटोरी। धर्मपुर मंडी से गोपाल ने तेरे कानो रा झुमका भाभिएं, कुल्लू से मानचंद ने बेलुए बुरा आया जमाना, सरकाघाट से पंकज ने एक अजनबी हसीना से यूं मुलाकात हो गई, ऊना से धर्मपाल ने शिव भजन मेरे पूरे करदो काज बम भोले, सोलन से पूजा ने बोलदा मुंडेरे उत्ते का, रिवालसर से डिप्पल शर्मा ने पिया ने पिया रे तारे बिना लागे नाही म्हारा जिया रे, सुंदरनगर से श्रवण ने गोरी दा मन लगा चंबे दियां धारा गाकर दर्शकों का मनाेरंजन किया। इसके अलावा तिब्बितयन इंस्टीट्यूट ऑफ परफॉरमिंग आर्ट ने अपनी तिब्बितयन संस्कृति से रूबरू करवाया। सांस्कृतिक संध्या में लोक कलाकार ईश्वर दास, ललित, राजकुमार वर्मा, राहुल व्यास, बाबू राम, आदित्य, मोनिका, मोहित, कर्म सिंह, मनीषा, विक्की, भूपेंद्र, भाग सिंह सहित अन्य कलाकारों ने भी प्रस्तुति दी।