हरियाणा से आए पर्यटकों को पुलिस के आदेशों की अवहेलना करना भारी पड़ गया। पंडोह पुलिस ने उनका 4500 का चालान काट दिया। हरियाणा से थार गाड़ी में आए छह युवा पर्यटक पंडोह के पास आदेशों की अवहेलना करते हुए उफनती हुई ब्यास नदी के पास जा पहुंचे। पंडोह का मोक्षधाम ब्यास नदी के तट पर है और यहां तक जाने के लिए सड़क बनाई गई है। हालांकि इस सड़क पर ब्यास नदी के किनारे न जाने की स्पष्ट चेतावनी भी लिखी गई है, लेकिन हरियाणा से आए इन पर्यटकों ने इन आदेशों की सरेआम अवहेलना की ओर उफनती नदी के पास जा पहुंचे। पंडोह डैम से पानी छोड़ा गया था, जिस कारण ब्यास नदी का बहाव भी काफी तेज था। स्थानीय लोगों ने जब इस दृश्य को देखा तो पंडोह पुलिस चौकी को इसकी सूचना दी। पंडोह पुलिस चौकी की टीम ने तुरंत मौके पर पहुंचकर इन सभी लोगों को नदी के किनारे से सुरक्षित स्थान तक लाया। इसी के साथ चालान काटा और हिदायत देकर छोड़ दिया। बता दें कि वर्ष 2014 में हैदराबाद के एक कालेज से मनाली घूमने जा रहे 24 प्रशिक्षु इसी तरह हादसे का शिकार होकर अपनी जान गंवा चुके हैं। उधर, पंडोह पुलिस चौकी प्रभारी अनिल कटोच ने सभी से आग्रह किया है कि ब्यास नदी के किनारे न जाएं। जिला प्रशासन व पुलिस की तरफ से जारी दिशा निर्देशों का पालन करें।