लडभड़ोल क्षेत्र में एक निजी स्कूल की बस के साथ तोड़फोड़ करने और चोरी का एक मामला सामने आया है। अज्ञात लोगों ने स्कूल बस का मुख्य शीशा बुरी तरह से तोड़ दिया है। इसके साथ ही ड्राइवर और कंडक्टर दोनों तरफ के साइड मिरर भी खोलकर चुरा लिए गए हैं। विद्यालय के प्रबंधक बलवंत ठाकुर ने बताया कि यह बस सांढा रूट पर चलती है। पिछले कुछ दिनों से शरारती तत्वों द्वारा इस बस को लगातार निशाना बनाया जा रहा है और इसके साथ छेड़खानी की जा रही है। उन्होंने बताया कि आज की घटना से पहले भी तीन से चार बार बस के टायरों की हवा निकालकर उन्हें पंचर किया जा चुका है। उन्होंने बताया कि स्कूल की गाड़ियां क्षेत्र के नौनिहालों की सुविधा के लिए चलाई जा रही हैं। इस तरह की नीच और ओछी घटनाओं से न केवल स्कूल को आर्थिक नुकसान हो रहा है, बल्कि क्षेत्र के लोगों और छोटे-छोटे बच्चों को भारी असुविधा का सामना करना पड़ रहा है। विद्यालय प्रबंधन ने इस पूरी घटना के संदर्भ में पुलिस को सूचित कर आधिकारिक तौर पर शिकायत दर्ज करवा दी है। उधर,लडभड़ोल पुलिस चौकी प्रभारी रमेश कुमार ने बताया कि स्कूल प्रबंधन की ओर से शिकायत मिली है। मामले की गंभीरता से छानबीन की जा रही हैं।