पिछले लंबे समय से दिहाड़ी में बढ़ोतरी की मांग को लेकर संघर्ष कर रहे पंचायत चौकीदारों की इस मांग को पूरा कर दिया गया है। पिछले कल हिमाचल प्रदेश पंचायती राज विभाग के निदेशक राघव शर्मा ने इस संदर्भ में लिखित आदेश जारी करते हुए पंचायत चौकीदारों की दिहाड़ी को 1 अप्रैल 2025 से 425 रुपये देने को कहा है। इसके साथ ही सिलाई अध्यापिकाओं को 480 रूपए दिहाड़ी देने के आदेश जारी हुए हैं। प्रदेश के 1500 के करीब वेतन भोगी चौकीदारों को इसका लाभ मिलने वाला है। यह निर्णय वित्त विभाग के 9 अक्तूबर 2025 को जारी पत्र के आधार पर लिया गया है। बता दें कि विभाग ने पहले सीएम की घोषणा के बाद पंचायत चौकीदारों का यह लाभ देना शुरू कर दिए थे लेकिन इस संदर्भ में स्पष्ट आदेश न होने के कारण बहुत से पंचायत चौकीदारों से रिवकरियां भी की गई और की जा रही थी। इस बात से खफा पंचायत चौकीदारों ने अपनी मांगों को लेकर आवाज बुलंद की हुई थी। अब सरकार ने इस संदर्भ में आदेश जारी कर दिए हैं। हिमाचल प्रदेश पंचायत चौकीदार संघ ने इसके लिए प्रदेश सरकार के सीएम सुखविंद्र सिंह सुक्खू, पंचायती राज मंत्री अनिरूद्ध सिंह और निदेशक राघव शर्मा का आभार जताया है। मंडी जिला पंचायती राज संघ के उपाध्यक्ष राजकुमार ने कहा कि लंबे संघर्ष के बाद उनकी यह मांग पूरी हो पाई है। साथ ही इन्होंने प्रदेश सरकार से इनकी अन्य मागों को भी जल्द पूरा करने की गुहार लगाई है। राजकुमार ने बताया कि आज बहुत से ऐसे पंचायत चौकीदार हैं जो 12 वर्षों का कार्यकाल पूरा कर चुके हैं और अब उन्हें दिहाड़ीदार से नियमित किया जाना है। पिछले करीब 4-5 वर्षों से ये सभी अपनी नियमितिकरण की राह ताक रहे हैं। इन्होंने सरकार से आग्रह किया है कि ऐसे सभी दिहाड़ीदारों की नियमितिकरण के आदेश जल्द से जल्द जारी किए जाएं ताकि इन्हें भी लंबे इंतजार का सही लाभ मिल सके।