सोमवार को लडभड़ोल में पूर्व सैनिक इकाई लडभड़ोल की मासिक बैठक का आयोजन किया गया। इस बैठक की अध्यक्षता इकाई के अध्यक्ष प्रवीण शर्मा ने की। बैठक में क्षेत्र के बड़ी संख्या में सेवानिवृत्त सैनिकों ने भाग लिया और विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों पर चर्चा की। बैठक को संबोधित करते हुए अध्यक्ष प्रवीण शर्मा ने बताया कि आगामी 14 जनवरी को मंडी लीग द्वारा वेटरन्स डे रूप से मनाया जा रहा है। इस अवसर पर एक ऐतिहासिक पहल करते हुए पहली बार 80 वर्ष से अधिक आयु के सभी सुपर सीनियर सिटीजन,पूर्व सैनिकों को विशेष रूप से सम्मानित किया जाएगा। प्रवीण शर्मा ने सभी सदस्यों से आग्रह किया कि वे अपने साथ 80 वर्ष से ऊपर की आयु वाले पूर्व सैनिकों की सूची अनिवार्य रूप से लेकर आएं, ताकि सम्मान समारोह के लिए रूपरेखा तैयार की जा सके। बैठक के दौरान इकाई के बुनियादी ढांचे और सुविधाओं पर भी विस्तार से चर्चा हुई। अध्यक्ष ने बताया कि बैठक के मुख्य एजेंडे में इकाई के अपने भवन निर्माण कार्य की प्रगति की समीक्षा की गई। क्षेत्र के पूर्व सैनिकों की सुविधा के लिए कैंटीन काउंटर के उद्घाटन को लेकर भी रणनीति बनाई गई, जिससे स्थानीय वेटरन्स को राहत मिलेगी। इस मौके पर क्षेत्र के दर्जनों पूर्व सैनिकों ने अपनी उपस्थिति दर्ज करवाई और संगठन की मजबूती के लिए अपने विचार साझा किए।