चंडीगढ़-मनाली राष्ट्रीय राजमार्ग के अंतर्गत मंडी-पंडोह मार्ग पर आज सुबह एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया। जागर नाला के समीप सड़क किनारे बना विशालकाय डंगा अचानक भरभराकर गिर गया, जिससे करीब 30 मीटर सड़क हिस्सा भी क्षतिग्रस्त हो गया। बताया जा रहा है कि यह डंगा हाल ही में निर्माणधीन फोरलेन परियोजना के तहत लगाया गया था, लेकिन बरसात शुरू होने से पहले ही इसका गिरना निर्माण कार्यों की गुणवत्ता पर गंभीर सवाल खड़े कर रहा है। स्थानीय लोगों का कहना है कि यह पहली बार नहीं है इसी स्थान पर पहले भी डंगा गिर चुका है, जिसे कंपनी द्वारा दोबारा बनाया गया था। बावजूद इसके, दोबारा इतनी जल्दी ढह जाना साफ तौर पर लापरवाही को दर्शाता है। घटना के बाद आसपास के अन्य डंगों में भी दरारें पड़ गई हैं, जिससे खतरा और बढ़ गया है। सड़क किनारे रहने वाले लगभग 20 परिवारों के घरों पर संकट मंडरा रहा है। लोगों में भारी दहशत का माहौल है। स्थानीय निवासियों ने निर्माण कंपनी प्रबंधन के खिलाफ कड़ा रोष जताया है और प्रशासन से तुरंत हस्तक्षेप की मांग की है। स्थानीय ग्रामीण सूरत राम ने कहा है कि यदि समय रहते ठोस कदम नहीं उठाए गए तो बड़ा हादसा हो सकता है। प्रशासन से मांग की जा रही है कि प्रभावित क्षेत्र का तुरंत निरीक्षण कर सुरक्षित निर्माण सुनिश्चित किया जाए और दोषी ठेकेदारों पर सख्त कार्रवाई की जाए। इस बारे के एम सी कम्पनी के प्रोजेक्ट मैनेजर सत्या से बात कि गई तों उन्होंने बताया कि इस जगह मिट्टी कि सेटलमेंट हो रही है जिस कारण डंगा गिरा है। इसे हम विशेषज्ञयो से विचार विमर्श करके नए सिरे से लगवाएंगे।