हिमाचल प्रदेश के मंडी जिले के कटौला क्षेत्र की ग्राम पंचायत कमांद के गांव कांडलू नाला निवासी ताप्ते राम का परिवार इन दिनों जीवन की सबसे कठिन परीक्षा से गुजर रहा है। एक ओर परिवार के पास रहने के लिए पक्का मकान नहीं है, तो दूसरी ओर उनकी मासूम बेटी लक्ष्मी कैंसर जैसी गंभीर बीमारी से जूझ रही हैं। जानकारी के अनुसार जब लक्ष्मी की तबीयत लगातार बिगड़ने लगी तो परिजनों ने उसे अस्पताल में दिखाया। जांच के बाद डॉक्टरों ने उसे कैंसर से पीड़ित बताया। दिहाड़ी-मजदूरी कर परिवार का पालन-पोषण करने वाले ताप्ते राम ने अपनी सीमित आमदनी से बेटी के इलाज का हरसंभव प्रयास किया, लेकिन बीमारी का खर्च उनकी आर्थिक क्षमता से कहीं अधिक निकला। इलाज में जमा की गई पूरी पूंजी खत्म हो गई और अब परिवार पूरी तरह आर्थिक संकट में फंस चुका है। इसी बीच बीते वर्ष हुए भीषण अग्निकांड ने परिवार की मुश्किलों को और बढ़ा दिया। आग की चपेट में आकर उनका घर पूरी तरह जलकर राख हो गया। तब से परिवार अस्थायी टेंट में रहने को मजबूर है। ठंड, बारिश और असुरक्षित हालातों में गुजर रही यह जिंदगी हर दिन नई चुनौतियां लेकर आ रही है। परिवार की इस दयनीय स्थिति की जानकारी मिलने पर सामाजिक संस्था टीम उत्तरशाल आगे आई और मौके पर पहुंचकर हालात का जायजा लिया। संस्था लक्ष्मी के इलाज और परिवार के पुनर्वास के लिए हरसंभव सहयोग जुटाने का प्रयास किया जा रहा है। टीम उत्तरशाल ने आम जनता और समाजसेवियों से अपील की है कि वे इस जरूरतमंद परिवार की मदद के लिए आगे आएं। इसके लिए गूगल पे नंबर 8894926025 पर सहयोग किया जा सकता है। तहसीलदार कटौला मोहन सिंह यादव ने बताया कि जरूरतमंद बच्ची की रेडक्रॉस से भी मदद करवाई जाएगी। घर का केस भी योजना में डाला गया है। जल्द इसका लाभ मिलेगा।