बालीचौकी क्षेत्र में बुधवार को हिमाचल किसान सभा ने विभिन्न समस्याओं को लेकर लोक निर्माण विभाग और खंड विकास अधिकारी को मांग पत्र सौंपा। किसानों ने खराब सड़कों और मनरेगा कार्यों में अनियमितताओं को लेकर नाराजगी जताई और जल्द समाधान की मांग की। किसान सभा के राज्य कमेटी सदस्य महेंद्र राणा ने बताया कि पिछले आपदा के बाद से बालीचौकी-सुधरानी-थाटा खोडथाच सड़क की हालत बेहद खराब बनी हुई है। वहीं नगरूनाल-भेखली सड़क अभी तक बंद पड़ी है। क्षेत्र में मटर, नाशपाती, प्लम और अन्य नगदी फसलें बड़े पैमाने पर होती हैं, लेकिन सड़क बंद होने के कारण फसलें खेतों में ही खराब हो रही हैं। भेखली क्षेत्र में मटर की फसल पूरी तरह तैयार है, बावजूद इसके सड़क बंद होने से किसानों को भारी नुकसान उठाना पड़ रहा है। किसान सभा ने मांग की है कि नगरूनाल-भेखली सड़क को शीघ्र खोला जाए। महेंद्र राणा ने बताया कि थाटा खोडथाच सड़क पर जगह-जगह डंगे गिरे होने के कारण खतरा बना हुआ है, जिनका कार्य अब तक शुरू नहीं हुआ है। मनरेगा कार्यों को लेकर भी किसानों ने विरोध जताया। किसान सभा ने आरोप लगाया कि ऑनलाइन हाजिरी नहीं लगने पर मजदूरों को गैरकानूनी तरीके से घर भेजा जा रहा है। किसान सभा ने चेतावनी दी कि यदि एक सप्ताह के भीतर समस्याओं का समाधान नहीं हुआ तो लोक निर्माण विभाग और खंड विकास कार्यालय का घेराव किया जाएगा। प्रदर्शन में मनरेगा श्रमिक संगठन थाटा इकाई के अध्यक्ष इंदर सिंह, पूर्व वार्ड सदस्य गेवराम सहित कई किसान मौजूद रहे।