लडभड़ोल क्षेत्र में रंगों और खुशियों का पर्व होली सोमवार को तहसील लडभड़ोल क्षेत्र में पूरे हर्षोल्लास और धूमधाम के साथ मनाया गया। पूरे क्षेत्र में उत्सव का भारी उत्साह देखने को मिला और हर उम्र के लोग सतरंगी रंगों में सराबोर नजर आए। होली के इस पावन अवसर पर बच्चों, युवाओं, महिलाओं और बुजुर्गों की टोलियां जगह-जगह रंग खेलती और जश्न मनाती नजर आईं। युवाओं और बच्चों ने अपनी सांस्कृतिक परंपराओं का निर्वहन करते हुए घर और आस-पड़ोस के बड़े-बुजुर्गों के मस्तक पर गुलाल का टीका लगाया और उनके पैर छूकर आशीर्वाद प्राप्त किया। स्थानीय लोगों के साथ-साथ दूसरे राज्यों से लडभड़ोल क्षेत्र में मेहनत-मजदूरी करने आए सैकड़ों प्रवासी युवाओं ने भी इस पर्व को पूरे उत्साह के साथ मनाया। इस दौरान सांप्रदायिक सौहार्द की एक बेहतरीन मिसाल भी देखने को मिली। दर्जनों मुस्लिम समुदाय के लोगों ने भी इस रंगोत्सव में बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया और खुशी-खुशी एक-दूसरे को रंग लगाया। सभी ने मिलकर विभिन्न प्रकार के स्वादिष्ट व्यंजनों को बनाया और खूब आनंद लिया। इस मौके पर क्षेत्रवासियों ने अपनी खुशी जाहिर करते हुए कहा कि होली खुशियों और उमंग का त्योहार है। यह पावन पर्व सभी धर्मों और समुदायों के लोगों को आपसी गिले-शिकवे भुलाकर, प्रेम से मिलजुल कर रहने और भाईचारे का स्पष्ट संदेश देता है।