छोटी काशी मंडी के प्रसिद्ध बाबा भूतनाथ मंदिर स्थित पावन पिंडी पर चढ़ाए मक्खन घृत कंबल पर बुधवार को यूपी के बाराबंकी स्थित लोधेश्वर महादेव का स्वरूप उकेरा गया। इस स्वरूप के दर्शनों के लिए सुबह से ही भक्तों की कतारें लगी रही। बाराबंकी स्थित लोधेश्वर महादेव मंदिरश्रद्धालुओं की आस्था का प्रमुख केंद्र माना जाता है। पौराणिक मान्यता के अनुसार, इस मंदिर का इतिहास महाभारत काल से जुड़ा है, जब पांडवों ने अपने अज्ञातवास के दौरान यहां एक महान यज्ञ के पश्चात शिवलिंग की स्थापना की थी। यही कारण है कि इस मंदिर को भारत के 52 दुर्लभ शक्तिपीठों में से एक और पृथ्वी के सबसे पवित्र स्थलों में शामिल माना जाता है। महाशिवरात्रि के अवसर पर यहां विशाल मेला लगता है, जिसमें उत्तर प्रदेश सहित कई राज्यों से श्रद्धालु कांवड़ लेकर पहुंचते हैं और महादेव का जलाभिषेक करते हैं। उधर, बाबा भूतनाथ मंदिर मंडी के महंत देवानंद सरस्वती ने बताया कि रोजाना घृत कंबल में बाबा के देशभर के स्वरूप उकेरे जा रहे हैं।