जिला परिषद चुनाव को लेकर मंडी में राजनीतिक सरगर्मियां तेज हो गई हैं। कांग्रेस कमेटी की जिला अध्यक्षा चंपा ठाकुर ने सोमवार को कोटली जिला परिषद सीट से नामांकन पत्र दाखिल कर चुनावी रण में उतरने का ऐलान कर दिया। चंपा ठाकुर पूर्व मंत्री एवं वरिष्ठ कांग्रेसी नेता कौल सिंह ठाकुर की बेटी हैं और लंबे समय से सक्रिय राजनीति में भूमिका निभा रही हैं। जिला परिषद का यह उनका पांचवां चुनाव है। इससे पहले वह जिला परिषद अध्यक्ष भी रह चुकी हैं। वहीं, मंडी सदर विधानसभा क्षेत्र से भाजपा विधायक अनिल शर्मा के खिलाफ दो बार विधानसभा चुनाव भी लड़ चुकी हैं। नामांकन दाखिल करने के बाद चंपा ठाकुर ने कहा कि वह क्षेत्र के विकास, महिलाओं के सशक्तिकरण और युवाओं के हितों को लेकर चुनाव मैदान में उतरी हैं।