फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

मंडी में भाजयुमो का प्रदर्शन, मुख्यमंत्री का पुतला फूंका; पुलिस से हुई छीनाझपटी

हिमाचल प्रदेश विधानसभा के मानसून सत्र के बीच मंडी में सोमवार को भारतीय जनता युवा मोर्चा ने प्रदेश सरकार के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन किया। जिला मुख्यालय में आयोजित प्रदर्शन के दौरान भाजयुमो कार्यकर्ताओं ने मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू का पुतला फूंका। पुतला दहन के दौरान पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच उसे कब्जे में लेने को लेकर काफी देर तक धक्का-मुक्की और छीनाझपटी होती रही। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए पुलिस ने पुतले की आग बुझाने का प्रयास किया और उस पर पानी डाला। हालांकि, प्रदर्शनकारी दोबारा पुतले पर तेल डालकर आग तेज करने लगे। इसके चलते मौके पर कुछ समय के लिए तनाव की स्थिति बनी रही। पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को पीछे हटाकर स्थिति को संभाला। पुतला दहन के बाद भाजयुमो कार्यकर्ताओं ने मंडी शहर में आक्रोश रैली निकाली। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने प्रदेश सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए युवाओं को रोजगार देने और विधानसभा चुनाव के दौरान किए गए वादों को पूरा करने की मांग उठाई। भाजयुमो जिला अध्यक्ष योगराज डोगरा ने आरोप लगाया कि कांग्रेस ने विधानसभा चुनाव से पहले युवाओं को हर साल एक लाख रोजगार देने समेत 10 गारंटियां देने का वादा किया था। उनके अनुसार, सरकार बनने के बाद इन वादों को अपेक्षित रूप से पूरा नहीं किया गया है और प्रदेश के युवा रोजगार के लिए परेशान हैं। डोगरा ने कहा कि सरकार के कार्यकाल को लेकर जनता में नाराजगी बढ़ रही है और अब लोग चुनाव के दौरान किए गए वादों का हिसाब मांग रहे हैं। उन्होंने प्रदेश सरकार से युवाओं के लिए रोजगार के पर्याप्त अवसर उपलब्ध करवाने और चुनावी गारंटियों को पूरा करने की मांग की।

विज्ञापन

Latest

Recommended

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन
AU ऐप में पढ़ें