राष्ट्रीय उच्च मार्ग निर्माण कार्य के चलते धर्मपुर क्षेत्र के बनाल गांव में स्थानीय लोगों की समस्याएं लगातार बढ़ती जा रही हैं। आगामी बरसात को देखते हुए ग्रामीणों में निर्माण कंपनी और प्रशासन के खिलाफ भारी नाराजगी है। पूर्व जिला पार्षद एवं हिमाचल किसान सभा के नेता भूपेंद्र सिंह ने प्रभावित क्षेत्रों का दौरा कर लोगों की समस्याएं सुनीं और प्रशासन से जल्द समाधान की मांग उठाई। भूपेंद्र सिंह ने आरोप लगाया कि निर्माण कंपनी और ठेकेदारों की ओर से अवैध तरीके से मलबा डंप किया जा रहा है। पिछली बरसात में यही मलबा बहकर चलाल और धर्मपुर तक पहुंचा था, जिससे भारी नुकसान हुआ था। उन्होंने कहा कि इस बार भी हालात नहीं सुधरे तो बड़ी तबाही हो सकती है। उन्होंने बताया कि रियूर अनुसूचित जाति एवं ओबीसी बस्ती, खडेला तपवालका और बनाल गांव के करीब डेढ़ दर्जन मकानों को खतरा बना हुआ है। इनमें ज्ञान चंद, रूप लाल, पवन कुमार, हंसराज, देशराज, सुनील कुमार, शशिकांत, कृष्ण देव, राजेंद्र पाल, अनूप कुमार, बीरी सिंह, श्रवण कुमार, विपिन कुमार, संजय, संदीप, नंदलाल, मीरा सकलानी, सत्या देवी, कृष्णा देवी और चंपा देवी सहित कई परिवार शामिल हैं। पिछली बरसात के दौरान प्रशासन ने कुछ परिवारों को रियूर स्कूल में ठहराने के आदेश दिए थे, लेकिन अब तक सुरक्षा दीवारों और रास्तों का निर्माण नहीं हो पाया है। ग्रामीणों का आरोप है कि कंपनी ने रास्ते, पानी की बाबड़ियां और हैंडपंप उखाड़ दिए, लेकिन उनका पुनर्निर्माण नहीं किया गया। स्थानीय लोगों ने कहा कि पिछले वर्ष हुई क्षति के बाद 26 और 27 दिसंबर को उच्च स्तरीय जांच दल ने क्षेत्र का निरीक्षण किया था। उस दौरान स्थानीय विधायक भी मौजूद थे और मार्च तक सभी लंबित कार्य पूरे करने के निर्देश दिए गए थे, लेकिन मई का आधा महीना बीतने के बाद भी हालात जस के तस बने हुए हैं। भूपेंद्र सिंह ने आरोप लगाया कि ऊपर की ओर की गई कटिंग के पास सुरक्षा दीवारें नहीं लगाई जा रही हैं, जिससे दर्जनों घरों के गिरने का खतरा पैदा हो गया है। उन्होंने कहा कि कुछ परिवार पिछले एक साल से किराये के मकानों में रहने को मजबूर हैं। स्थानीय लोगों ने आरोप लगाया कि सड़क निर्माण और डंगे लगाने का ठेका स्थानीय विधायक समर्थक ठेकेदार को दिया गया है, जिसके चलते शिकायतों पर कार्रवाई नहीं हो रही। लोगों का कहना है कि समस्या उठाने पर उन्हें धौंस दिखाई जाती है। भूपेंद्र सिंह ने कहा कि प्रभावित लोगों से अगले दो दिनों में कुमाहरड़ा तक संपर्क किया जाएगा और इसके बाद बरसात से पहले समस्याओं के समाधान के लिए आंदोलन शुरू किया जाएगा। उधर, एसडीएम धर्मपुर जोगिंदर पटियाल ने कहा कि पहले भी एनएच निर्माण कंपनी को आवश्यक कार्य पूरा करने के निर्देश दिए गए थे। अब दोबारा कंपनी को बरसात से पहले सभी जरूरी कार्य पूरा करने के आदेश जारी किए जाएंगे, ताकि किसी प्रकार का नुकसान न हो।