राजकीय महाविद्यालय लंबाथाच में शनिवार को छात्र संगठन एसएफआई ने पर्यावरणविद सोनम वांगचुक की भूख हड़ताल के समर्थन में धरना-प्रदर्शन किया। हाथों में तख्तियां और नारेबाजी के बीच विद्यार्थियों ने सिर्फ वांगचुक के समर्थन तक खुद को सीमित नहीं रखा, बल्कि शिक्षा व्यवस्था से जुड़े कई अहम मुद्दों को भी जोरदार तरीके से उठाया। प्रदर्शन के दौरान लंबाथाच एसएफआई इकाई अध्यक्ष महेंद्र व सचिव मनीष ने कहा कि नीट जैसी महत्वपूर्ण परीक्षा में लगातार सामने आ रही कथित अनियमितताओं से लाखों विद्यार्थियों का भरोसा डगमगा रहा है। उन्होंने परीक्षा प्रणाली को पारदर्शी बनाने, राष्ट्रीय परीक्षण एजेंसी (एनटीए) को भंग करने और केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग दोहराई। विद्यार्थियों ने दिल्ली के जंतर-मंतर में प्रदर्शन कर रहे आंदोलनकारियों के साथ पुलिस की कथित कार्रवाई की भी निंदा की। धरने में स्थानीय मुद्दा भी प्रमुखता से उठा।