पवित्र सावन माह के दूसरे सोमवार को पूरा लडभड़ोल क्षेत्र शिवभक्ति में डूबा नजर आया। सुबह की पहली किरण के साथ ही क्षेत्र के विभिन्न मंदिरों में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। चारों तरफ गूंजते भगवान भोलेनाथ के जयकारों ने संपूर्ण वातावरण को अलौकिक और भक्तिमय बना दिया। सोमवार अहले सुबह से ही क्षेत्र के प्रमुख धार्मिक स्थलों, विशेषकर नागेश्वर महादेव, त्रिवेणी महादेव, लक्ष्मी नारायण मंदिर और टोन भराड़ी मंदिर में दर्शनों के लिए भक्तों की लंबी कतारें लग गईं। सभी श्रद्धालुओं ने पूरे विधि-विधान से शिवजी की पूजा-अर्चना कर अपने परिवार की सुख-समृद्धि और शांति के लिए दुआ मांगी। इस पावन अवसर पर जोगिंदरनगर के विधायक प्रकाश राणा ने भी अपनी पत्नी के साथ नागेश्वर महादेव कुड्ड और नाग मंदिर ममाण पहुंचकर शीश नवाया।