स्थानीय बस स्टैंड पर लंबे समय से गंदे पड़े पानी के टैंक और वाटर कूलर की रविवार को युवाओं ने स्वैच्छिक रूप से सफाई की। रखरखाव के अभाव में टंकी और वाटर कूलर में मिट्टी व गंदगी जमा हो गई थी, जिससे यात्रियों को स्वच्छ पेयजल उपलब्ध नहीं हो पा रहा था। स्वच्छता अभियान में स्थानीय युवाओं शिवांग सोनी, अक्षय कुमार, राकेश कुमार, जसवंत और आशीष कुमार ने भाग लिया। युवाओं ने खुद जिम्मेदारी उठाते हुए पानी की टंकी और वाटर कूलर को अच्छी तरह साफ किया। स्थानीय लोगों ने युवाओं की इस पहल की सराहना करते हुए इसे जनहित से जुड़ा सराहनीय कार्य बताया। लोगों का कहना है कि बस स्टैंड पर रोजाना बड़ी संख्या में यात्रियों की आवाजाही रहती है, ऐसे में स्वच्छ पेयजल की व्यवस्था बेहद जरूरी है। सफाई अभियान के बाद स्थानीय लोगों ने जोगिंदरनगर विधायक और प्रशासन से मांग की है कि बस स्टैंड में लगे वाटर कूलर के साथ जल्द से जल्द आधुनिक वाटर फिल्टर लगाया जाए। लोगों ने कहा कि फिल्टर लगने से यात्रियों और आम जनता को सुरक्षित व शुद्ध पेयजल मिल सकेगा। उन्होंने प्रशासन से इस दिशा में जल्द कार्रवाई करने की अपील की है।