बैजनाथ-नेरी-कांडापतन मार्ग पर कोठी के पास सड़क की खस्ता हालत के चलते एक बार फिर यातायात बाधित हो गया है। शनिवार सुबह 10:00 बजे तुल्लाह की तरफ से आ रहा ईंटों से लदा एक ट्रक बीच सड़क में फंस गया। इससे मार्ग पर वाहनों की आवाजाही पूरी तरह ठप हो गई है और लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। बता दें, इस मार्ग पर यह पहली घटना नहीं है। सड़क की दयनीय स्थिति के कारण गुरुवार को भी इसी स्थान पर एक ट्रक खराब हो गया था, जिसे कड़ी मशक्कत के बाद शुक्रवार शाम को हटाया जा सका था। दो दिन के भीतर ट्रक फंसने की यह दूसरी घटना है, जिससे स्थानीय लोगों में लोक निर्माण विभाग के प्रति भारी रोष है। लोक निर्माण विभाग नेरी सेक्शन के कनिष्ठ अभियंता किशोरी लाल चौहान ने बताया कि सूचना मिलते ही मौके पर जेसीबी मशीन को भेजा गया है। उन्होंने कहा कि फिलहाल यहां मिट्टी की फिलिंग की जा रही है और ट्रक को जल्द से जल्द हटाकर यातायात सुचारू करने का प्रयास किया जा रहा है।