फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Kamrunag Jatar 2026: मंडी के कुटाहची गांव में श्रद्धा के साथ संपन्न हुई बड़ा देव कमरूनाग की वार्षिक जातर

ग्राम पंचायत रेफ़ल के कुटाहची गांव में बुधवार को आराध्य बड़ा देव कमरूनाग की वार्षिक जातर श्रद्धा, आस्था और पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ धूमधाम से संपन्न हुई। धार्मिक आयोजन में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भाग लेकर देवता का आशीर्वाद प्राप्त किया। जातर के दौरान बड़ा देव कमरूनाग के गूर बोधराज ने देवता के थड़े पर स्थापित पिंडी पर पारंपरिक विधि से कल्या (चावल और घी का लेप) अर्पित किया तथा विधिवत श्रृंगार किया। इसके बाद देववाणी के माध्यम से क्षेत्र के हार-द्वार की रक्षा, अच्छी फसल और वर्षभर सुख-समृद्धि का आशीर्वाद दिए जाने का संदेश सुनाया गया, जिसे श्रद्धालुओं ने गहरी आस्था के साथ सुना। इस अवसर पर विशाल भंडारे का आयोजन किया गया, जिसमें स्थानीय लोगों के साथ दूर-दराज से पहुंचे श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया। महिला मंडल की महिलाओं ने भजन-कीर्तन प्रस्तुत कर पूरे वातावरण को भक्तिमय बना दिया। धार्मिक आयोजन में महिलाओं, बच्चों और बुजुर्गों सहित आसपास के गांवों से बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए। देवता के कटवाल चिंतराम, पी.एस. लाठी सहित अन्य कारदार भी कार्यक्रम में उपस्थित रहे। देवता कमेटी के प्रधान जीत कुमार ने वार्षिक जातर के सफल आयोजन पर सभी श्रद्धालुओं को शुभकामनाएं दीं और गूर बोधराज सहित सभी कारदारों एवं सहयोगियों का आभार व्यक्त किया।

विज्ञापन

Latest

Recommended

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन
AU ऐप में पढ़ें