जिला स्तरीय आईटीआई की महिला वर्ग की खेलों में जोगिंद्रनगर आईटीआई की खिलाड़ियों ने ओवर ऑल बेस्ट प्रतियोगिता का खिताब जीतकर मंडी जिला में नाम कमाया है। वॉलीबॉल, बैडमिंटन और खो-खो में शानदार प्रदर्शन कर पहला स्थान हासिल किया है। आईटीआई जोगिंद्रनगर के खिलाड़ियों ने वुशु प्रतियोगिता में भी स्वर्ण पदक जीते और सांस्कृतिक कार्यक्रमों में परचम लहराया। समापन समारोह में एसडीएम मनीश चौधरी ने शिरकत की। उन्होंने विजेता व उपविजेता प्रतिभागियों को सम्मानित किया। जोगिंद्रनगर में संपन्न हुई चार दिवसीय जिला स्तरीय महिला वर्ग की वुशु प्रतियोगिता में आईटीआई मंडी महिला की वंदना ने स्वर्ण, राजकीय आईटीआई चच्योट की प्रेमा ने रजत और आईटीआई मंडी की पूजा ने कांस्य पदक जीता। आईटीआई की जिला स्तरीय सांस्कृतिक कार्यक्रमों में आईटीआई मंडी वूमन ने ओवर ऑल बेस्ट का खिताब जीता। समूह गान में आईटीआई मंडी वूमन ने पहला, जोगिंद्रनगर ने दूसरा और सुंदरनगर ने तीसरा स्थान हासिल किया। एकल गायन में आईटीआई सुंदरनगर ने पहला, पधर ने दूसरा और जोगिंद्रनगर ने तीसरा स्थान हासिल किया। नाटक प्रतियोगिता में वूमन मंडी ने पहला, पधर ने दूसरा और थलौट ने तीसरा स्थान हासिल किया। लोकनृत्य में आईटीआई जोगिंद्रनगर ने पहला, वूमन मंडी ने दूसरा, राजकीय आईटीआई ग्रेड ए मंडी ने तीसरा स्थान हासिल किया।