लडभड़ोल क्षेत्र के समग्र विकास और बुनियादी सुविधाओं को मजबूत करने के लिए जोगिंदर नगर विकास मंच ने मोर्चा खोल दिया है। मुख्यमंत्री के प्रस्तावित दौरे के मद्देनजर मंच ने सोमवार को 24 प्रमुख मांगों को लेकर स्थानीय नायब तहसीलदार के माध्यम से मुख्यमंत्री को ज्ञापन भेजा। मंच के संस्थापक केके सकलानी और जिला परिषद सदस्य राखी शर्मा के नेतृत्व में प्रतिनिधिमंडल ने यह मांग पत्र सौंपा। केके सकलानी ने कहा कि लडभड़ोल क्षेत्र लंबे समय से बुनियादी सुविधाओं की कमी से जूझ रहा है। क्षेत्र के लोगों को प्रशासनिक, स्वास्थ्य, शिक्षा और रोजगार से जुड़ी कई समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है। ज्ञापन में लडभड़ोल में एसडीएम कार्यालय और मिनी सचिवालय स्थापित करने की मांग प्रमुखता से उठाई गई है। इसके अलावा क्षेत्र की 40 पंचायतों के युवाओं के लिए आधुनिक खेल स्टेडियम और खेल अकादमी खोलने की मांग की गई है। स्थानीय युवाओं को रोजगार के अवसर उपलब्ध करवाने के लिए रोजगार कार्यालय स्थापित करने का आग्रह भी किया गया है। मंच ने बैजनाथ-लडभड़ोल मार्ग को राष्ट्रीय राजमार्ग का दर्जा देने की मांग उठाई है। इसके साथ ही जर्जर सैठ पुल के स्थान पर नए पुल का निर्माण करवाने का आग्रह किया गया है। ज्ञापन में सिविल अस्पताल में पर्याप्त डॉक्टरों की तैनाती, फायर सब-स्टेशन को पूरी तरह क्रियाशील करने और पुलिस चौकी को पूर्ण पुलिस थाने का दर्जा देने की मांग भी शामिल है। जिला परिषद सदस्य राखी शर्मा ने कहा कि लडभड़ोल की भौगोलिक परिस्थितियों को देखते हुए क्षेत्र में प्रशासनिक और स्वास्थ्य सुविधाओं को मजबूत करना जरूरी है। उन्होंने आपदा प्रभावित क्षेत्रों में सुरक्षा दीवारों का निर्माण करवाने के साथ पेयजल और शिक्षा से जुड़े लंबित कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर पूरा करने की मांग की। जोगिंदर नगर विकास मंच ने उम्मीद जताई कि प्रदेश सरकार क्षेत्र की मांगों पर गंभीरता से विचार करेगी और जरूरी विकास कार्यों को प्राथमिकता देकर लडभड़ोल को विकास की मुख्यधारा से जोड़ेगी।