नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने कहा कि आज पाकिस्तान अधिकृत कश्मीर के लोगों द्वारा भारत में होने को लेकर विद्रोह हो रहा है। वहां के लोग भी कह रहे हैं कि उन्हें भी नरेन्द्र मोदी जैसे क्षमतावान और दूरदर्शी नेतृत्व की आवश्यता है। वह भारत में शामिल किए जाने की मांग कर रहे हैं। अनुच्छेद 370 के समाप्त किए जाने के बाद से कश्मीर में शांति बहाल हो गई है। जिस घाटी में खौफ का साया था, जो घाटियां वीरान पड़ी थी आज उसमें सुकून पाने के लिए देश-दुनिया से लोग आ रहे हैं। विकास के लिए दशकों से उपेक्षित रहे कश्मीर में दस साल में विकास की ऐसी बयार बही कि कश्मीर की पहचान ही बदल गई। यह सब देश-प्रदेश के लोगों के वोट की वजह से ही संभव हुआ। इसी तरह के बदलाव और विकास को गति देने के लिए मोदी बहुत जरूरी हैं। सिराज विधान सभा क्षेत्र में आयोजित विभिन्न जनसभाओं में उन्होंने कहा कि आप सबका काम है नरेन्द्र मोदी को मजबूती देना। बाकी देश और प्रदेश के विकास की गारंटी नरेंद्र मोदी खुद हैं। उनका तीसरा कार्यकाल विकास की दृष्टि से और भी ऐतिहासिक होगा। जयराम ठाकुर ने कहा कि आने वाले समय में पीओके के लिए भारतीय जनता पार्टी की क्या प्रतिबद्धता है, उसे हमारे प्रधानमंत्री और गृहमंत्री ने स्पष्ट कर दिया है। उससे ज्यादा उन विषय पर कुछ कहने की आवश्यकता नहीं है।