जिला मंडी के सराज विधानसभा क्षेत्र में नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने धर्मशाला के विधायक और पूर्व मंत्री सुधीर शर्मा और किन्नर के भाजपा प्रत्याशी और वन निगम के पूर्व अध्यक्ष सूरत नेगी और जोगिंदरनगर विधायक व मंडल के कार्यकर्ताओं के साथ थुनाग में आयोजित एक कार्यक्रम में 20 ग्राम पंचायतों के लगभग 300 आपदा प्रभावितों को राहत लगभग 50 लाख रुपये से अधिक की नकद आपदा राहत राशि बांटी। यह आपदा राशि धर्मशाला के विधायक सुधीर शर्मा, किन्नौर, जोगिंदरनगर और किन्नौर भाजपा के लोगों की ओर से उपलब्ध करवाई गई थी। जयराम ठाकुर ने सभी किन्नौर और धर्मशाला वासियों का अभिवादन करते हुए कहा कि सराज के जख्मों पर किन्नौर और के लोगों द्वारा लगाए गए मरहम को हम कभी नहीं भूलेंगे। हमारा लोगों से जीने-मरने का साथ है। इसलिए डटकर पूरी ताकत से इस आपदा से निपटेंगे और कुछ पहले से भी बेहतर करेंगे। साथ ही उन्होंने यह भी कहा कि प्रदेश के लोगों और दानी सज्जनों को कांग्रेसियों के झांसे में आने की जरूरत नहीं है। हम एक-एक पाई प्रभावित परिवारों तक पूरी पारदर्शिता के साथ पहुंचाएंगे। जयराम ठाकुर ने लोगों को संबोधित करते हुए कहा कि 30 जून की एक रात में हमारे 28 साल के किए कराए पर पानी फेर दिया और हम फिर वही पहुंच गए जहां से 28 साल पहले चले थे। उन्होंने कहा कि सरबजीत सिंह बॉबी ने भी जिनके घर पूर्णतया क्षतिग्रस्त हो हो गए थे या जिनके परिवार के लोगों की माैत हुई है, उन्हें आर्थिक सहयोग देने की घोषणा की थी। उनके द्वारा दिए गए फॉर्म भी भरवा कर हमने लोगों को दिए हैं। कुछ लोगों के खातों में पैसे आ गए हैं, बाकी के खातों में भी आ जाएंगे। उन्होंने जंजैहली में आपदा के दौरान लंगर लगाने के लिए नोफल संस्था और उसके संचालक गुरमीत बेदी का भी आभार जताया।