गोहर पंचायत समिति के अध्यक्ष और उपाध्यक्ष का चुनाव गुरुवार को बासा विश्राम गृह में सर्वसम्मति से संपन्न हुआ। चुनाव में बासा पंचायत की हितेश कुमारी को पंचायत समिति का नया अध्यक्ष तथा अनाह पंचायत के खेम सिंह को उपाध्यक्ष चुना गया। चुनाव प्रक्रिया शांतिपूर्ण माहौल में पूरी हुई और दोनों पदों पर निर्विरोध सहमति बनने से समर्थकों में उत्साह का माहौल देखने को मिला। निर्वाचन के बाद नवनिर्वाचित अध्यक्ष और उपाध्यक्ष चैलचौक पहुंचे, जहां उन्होंने भाजपा विधायक विनोद कुमार से मुलाकात की। इसके बाद समर्थकों के साथ चैलचौक बाजार में विजयी जुलूस भी निकाला गया। कार्यक्रम में नाचन मंडल अध्यक्ष मुकेश चंदेल, चच्योट के हुकम ठाकुर, पूर्व मंडल अध्यक्ष मनोज शर्मा, महामंत्री पंकज ठाकुर, जिला परिषद सदस्य टिकम तथा पदमा देवी सहित कई जनप्रतिनिधि और कार्यकर्ता मौजूद रहे।