मंडी जिले में बीते कई दिनों से खराब चल रहे मौसम में अचानक आए बदलाव से किसानों के चेहरे खुशी से खिल उठे हैं। जोगिंद्रनगर सहित मंडी जिला के विभिन्न हल्कों में हजारों हैक्टेयर भूमि पर रोपी गई गेहूं की कटाई में तेजी आई है। उपमंडल के ढेलू, हराबाग, डोहग, मझारनू, नेर घरवासड़ा पंचायत, मसौली, हारगुनैण, जिमजिमा, दुल व गलू पंचायत में गेहूं की कटाई का कार्य शुरू हो गया है और अब इसकी थ्रैसिंग के कार्य को लेकर किसान खूब पसीना बहा रहे हैं। इससे पहले लगातार हो रही बारिश से किसानों की गेहूं की फसल को नुकसान पहुंच रहा था। कुछ क्षेत्रों में ओलावृष्टि से गेहूं की फसल भी तबाह हो गई थी। सोमवार को मौसम साफ होने का लाभ किसानों को मिला। प्रगतिशील किसान धर्मेंद्र, रमेश, बीना देवी, सुदर्शन ने बताया कि मौसम साफ होने का सबसे अधिक लाभ किसानों को मिला है। खेतों में गेहूं की कटाई का कार्य पूरा होने के बाद अब इसकी थ्रैसिंग के कार्य पर भी किसान जुटे हुए हैं। वहीं कृषि विषयवाद सोनम ने बताया कि मौसम साफ होने से खरीफ की फसल को भी जान आई है। सोमवार को मंडी जिला के सुंदरनगर, सरकाघाट, करसोग, नेरचौक में भी गेहूं की फसल की कटाई और थ्रैसिंग के कार्य को लेकर किसान खेतों में डटे रहे।