लडभड़ोल में मंगलवार को गुरु संत शिरोमणि रविदास की पवित्र मिट्टी के उपलक्ष्य में एक भव्य कलश यात्रा का आयोजन पूरे श्रद्धा भाव के साथ किया गया। इस ऐतिहासिक व धार्मिक आयोजन में जोगिंदरनगर विधायक प्रकाश राणा ने मुख्य रूप से शिरकत की। उनके साथ भाजपा मंडल लडभड़ोल के कई पदाधिकारी और कर्मठ सदस्य भी विशेष तौर पर मौजूद रहे। यात्रा में महिलाओं और स्थानीय लोगों ने भारी संख्या में भाग लिया, जिससे समूचा क्षेत्र भक्ति के रंग में रंगा नजर आया। यह विशाल कलश यात्रा लडभड़ोल की न्यू मार्केट से गाजे-बाजे के साथ प्रारंभ हुई। पूरे बाजार से होते हुए यह यात्रा लोहार-जोल स्थित गुरु रविदास जी के मंदिर प्रांगण तक गई, जहां वैदिक मंत्रोच्चारण के साथ इसका समापन हुआ।