धर्मपुर विधानसभा क्षेत्र से लगातार सात बार विधायक रहे तथा प्रदेश सरकार में मंत्री पद का दायित्व निभा चुके वरिष्ठ नेता ठाकुर महेंद्र सिंह के 77वें जन्मदिन के अवसर पर टिहरा स्थित लोकनिर्माण विभाग विश्राम गृह में कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर क्षेत्रभर से हजारों समर्थक, पार्टी कार्यकर्ता और गणमान्य नागरिक जुटे। महेंद्र सिंह ने केक काटकर अपना जन्मदिन मनाया। समर्थकों ने उन्हें पुष्पगुच्छ भेंट कर दीर्घायु और उत्तम स्वास्थ्य की कामना की। कार्यक्रम में प्रदेश भाजपा कार्यसमिति सदस्य रजत ठाकुर, जिला परिषद सदस्य ग्रयोह वार्ड वंदना गुलेरिया, लौंगणी वार्ड से जिला परिषद सदस्य जगदीश चंद बिट्टा विशेष रूप से उपस्थित रहे। इसके अतिरिक्त धर्मपुर व टिहरा भाजपा मंडलों के अध्यक्ष लेखराज और विनोद ठाकुर, दोनों मंडलों के सभी प्रकोष्ठों के पदाधिकारी, मंडल कार्यकारिणी सदस्य तथा बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता और स्थानीय लोग मौजूद रहे।