नेता प्रतिपक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी और मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू पर जुबानी हमला बोला है। उन्होंने कहा कि देश के युवाओं को गुमराह करने से पहले राहुल गांधी को मुख्यमंत्री सुक्खू से पूछना चाहिए कि पुलिस भर्ती मामले में दोषी अधिकारियों को क्यों बचाया जा रहा है और सामूहिक नकल की शिकायतों पर कार्रवाई क्यों नहीं हुई। मंडी में जलशक्ति विभाग के विश्राम गृह में भाजपा की संगठनात्मक बैठक के बाद पत्रकारों से बातचीत में जयराम ठाकुर ने कहा कि राहुल गांधी नीट परीक्षा को लेकर युवाओं के बीच अभियान चला रहे हैं। जबकि राजस्थान में कांग्रेस की गहलोत सरकार के कार्यकाल में सबसे अधिक 22 पेपर लीक हुए थे। उस समय राहुल गांधी ने कोई सवाल नहीं उठाया। इससे पहले जयराम ठाकुर ने भाजपा की संगठनात्मक बैठक में भाग लिया। बैठक में संगठन को मजबूत बनाने, आगामी कार्यक्रमों की रूपरेखा तैयार करने और जनहित के मुद्दों पर चर्चा की गई। नगर निगम मंडी के नवनिर्वाचित भाजपा पार्षदों के साथ भी बैठक हुई। इस दौरान राज्यसभा सांसद सिकंदर कुमार भी मौजूद रहे।