पश्चिम बंगाल, असम और पुडुचेरी में मिली भाजपा की जीत का जश्न छोटी काशी में मनाया गया। पूर्व सीएम एवं नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर, विधायक अनिल शर्मा, इंद्र सिंह गांधी और पूर्ण चंद ठाकुर सहित अन्य पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने सेरी मंच पर मिठाइयां बांटकर पार्टी नेतृत्व को जीत की बधाई दी। कार्यकर्ताओं ने इस मौके पर पटाखे भी फोड़े। इस अवसर पर जयराम ठाकुर ने कहा कि आज पश्चिम बंगाल के लोगों को जंगलराज से मुक्ति मिली है। ममता दीदी की जिस सरकार ने बंगाल में पिछले 15 वर्षों से आतंक मचा रखा था, आज उसका अंत हुआ है और अब भाजपा की ओर से पश्चिम बंगाल में सुशासन स्थापित किया जाएगा। लोगों को अपनी आवाज उठाने नहीं दी जाती थी और उनपर मनमाने फरमान जारी किए जाते थे। उन्होंने इस ऐतिहासिक जीत का श्रेय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, गृह मंत्री अमित शाह और भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नीतिन नवीन सहित समस्त पार्टी नेतृत्व और कार्यकर्ताओं को दिया। जयराम ठाकुर ने कहा कि भाजपा के हर कार्यकर्ता ने दिन रात मेहनत करके आज पश्चिम बंगाल में सरकार का गठन करवाने में अपनी अहम भूमिका निभाई है। इसके साथ ही उन्होंने पश्चिम बंगाल, असम और पुडुचेरी की जनता का भाजपा की सरकारें बनाने के लिए आभार भी जताया।