भाजपा प्रदेश प्रवक्ता अजय ठाकुर ने मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू और कांग्रेस सरकार पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि कांग्रेस सरकार अब जनहित के कार्यों से नहीं, बल्कि सत्ता, सरकारी तंत्र और भ्रम की राजनीति के सहारे अपनी राजनीतिक जमीन बचाने में जुटी हुई है। स्थानीय निकाय चुनावों के परिणामों को लेकर मुख्यमंत्री झूठे और बढ़ा-चढ़ाकर आंकड़े प्रस्तुत कर आगामी पंचायत एवं पंचायतीराज चुनावों को प्रभावित करने का प्रयास कर रहे हैं। अजय ठाकुर ने आरोप लगाया कि स्थानीय निकाय चुनावों में जनता द्वारा चुने गए जनप्रतिनिधियों को अपने पक्ष में दिखाने के लिए कांग्रेस सरकार सरकारी धनबल, सत्ता के दबाव और विभिन्न हथकंडों का इस्तेमाल कर रही है। उन्होंने कहा कि जनादेश का सम्मान करने के बजाय सुक्खू सरकार लोकतांत्रिक मूल्यों को कमजोर करने का काम कर रही है। चुनाव जीतकर आए प्रतिनिधियों को जबरन कांग्रेस समर्थित बताने की कोशिश सत्ता के दुरुपयोग का स्पष्ट उदाहरण है। उन्होंने कहा कि आने वाले जिला परिषद, पंचायत और पंचायत समिति चुनावों में प्रदेश की जनता कांग्रेस को लोकतांत्रिक तरीके से करारा जवाब देगी और चुनावी परिणाम इस सरकार को जनता के वास्तविक जनमत का आईना दिखाएंगे।