हिमाचल प्रदेश के कई भागों में मौसम ने करवट बदली है। मौसम विभाग के अलर्ट के बीच जनजातीय जिले लाहौल-स्पीति, किन्नौर व चंबा के पांगी क्षेत्र के उच्च पर्वतीय क्षेत्रों में ताजा बर्फबारी हुई है। शुक्रवार रात को लाहौल घाटी सहित कुल्लू के ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी होने से तापमान में गिरावट दर्ज कह गई है। केलांग व कुकुमसेरी का न्यूनतम तापमान फिर माइनस में पहुंच गया है। अटल टनल रोहतांग से वाहनों की आवाजाही जारी है, लेकिन शिंकुला दर्रा व दारचा से सरचू तक हाईवे फिर से अवरूद्ध हो गया है। बीआरओ ने कुछ दिन पहले इस मार्ग को बहाल किया था। अप्रैल महीने के अंतिम सप्ताह में भी लाहौल-स्पीति जिले में बर्फबारी का सिलसिला नहीं थम रहा है।