देव महाकुंभ अंतरराष्ट्रीय कुल्लू दशहरा के मौके पर शुक्रवार को ढोल-नगाड़ों की थाप पर भगवान नरसिंह की तीसरी जलेब निकली। जलेब में सैंज घाटी के देवी-देवता शामिल हुए। ढालपुर का मैदान ढोल-नगाड़ों, नरसिंगों की स्वरलहरियों से गूंज उठा। देवताओं के साथ देवलुओं को वाद्ययंत्रों की थाप थिरकता देख हर कोई कुल्लवी रंग में रंग गया। अनूठे नजारे को देखकर देश व विदेशों से आए हुए मेहमान भी रोमांचित हो गए। ढोल-नगाड़ों की थाप पर दशहरा के तीसरे दिन भगवान नरसिंह की दूसरी जलेब निकली।