जिला मुख्यालय कुल्लू में शुक्रवार को 75वें गणतंत्र दिवस पर भव्य परेड का आयोजन हुआ। पुलिस, आइटीबीपी, होमगार्ड, एनएसएस, एससीसी समेत नौ टुकड़ियों ने इसमें भाग लिया। सीपीएस सुंदर ठाकुर ने तिरंगा फहराकर परेड की सलामी ली। कार्यक्रम को देखने के लिए जिला के विभिन्न इलाकों से लोगों की भारी भीड़ उमड़ी। इस दौरान मनमोहक सांस्कृतिक कार्यक्रम भी आकर्षण का केंद्र रहा। कुल्लूवी नाटी की शानदार प्रस्तुति ने खूब वाहवाही लूटी। पारंपरिक पट्टू, धाठू, गले में चांदी का चंद्रहार, सोने का पातकू, गोखडू, बाजूबंद, पाजेब पहन कलाकारों ने प्रस्तुति दी।