क्षेत्रीय अस्पताल कुल्लू में प्रसव के बाद महिला की मौत के मामले को लेकर शुरू हुआ जन आंदोलन अब तेज हो गया है। सोमवार को बड़ी संख्या में प्रदर्शनकारी रथ मैदान से रैली निकालते हुए उपायुक्त कार्यालय पहुंचे। यहां पहुंचकर लोगों ने मुख्य गेट के सामने धरना-प्रदर्शन शुरू कर दिया। प्रदर्शनकारी मामले की निष्पक्ष जांच करवाने, दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने और पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने की मांग कर रहे हैं। लोगों का कहना है कि महिला की मौत के पूरे मामले की पारदर्शी जांच होनी चाहिए, ताकि सच्चाई सामने आ सके और जिम्मेदार लोगों पर कार्रवाई हो। प्रदर्शन में क्षेत्र के महिला और पुरुष बड़ी संख्या में शामिल हुए। लोगों ने प्रशासन से जल्द कार्रवाई की मांग उठाई। प्रदर्शनकारियों के उपायुक्त कार्यालय पहुंचने के बाद सुरक्षा व्यवस्था को देखते हुए पुलिस बल भी तैनात किया गया है। मौके पर जिला प्रशासन के अधिकारी प्रदर्शनकारियों से बातचीत कर स्थिति को शांत करने और उनकी मांगों को सुनने का प्रयास कर रहे हैं। हालांकि प्रदर्शनकारी अपनी मांगों पर अड़े हुए हैं।