तीन महीने से वेतन न मिलने के कारण क्रस्ना लैब के कर्मचारी हड़ताल पर चले गए हैं। उन्होंने मंगलवार को आधे दिन लैब का काम प्रभावित रखा। ऐसे में प्रदेश के सरकारी अस्पतालों और स्वास्थ्य केंद्रों में स्थापित क्रस्ना लैब में मरीजों के टेस्ट सैंपल नहीं हो पाए। सुबह से कंपनी के कर्मचारी लैब में कार्य नहीं कर रहे हैं। क्षेत्रीय अस्पताल कुल्लू सहित जिला भर में भी कर्मचारियों ने मंगलवार को लैब में मरीजों के टेस्ट नहीं लिए। इस वजह से मरीजों को दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। मरीजों के टेस्ट लैब में नहीं होने से उन्हें मजबूरन निजी लैब में महंगे टेस्ट करवाने पड़ रहे हैं, लेकिन कर्मचारियों ने काम बंद रखने का यह फैसला पिछले दो माह से वेतन न मिलने के कारण लिया है।