जिला कुल्लू में रातभर हुई लगातार बारिश का असर शुक्रवार सुबह जनजीवन पर साफ दिखाई दिया। सुबह से ही शहर और आसपास के क्षेत्रों में लोगों को दैनिक गतिविधियों के लिए घरों से निकलने में परेशानी का सामना करना पड़ा। लगातार बरसात के कारण सड़कें फिसलनभरी हो गईं और कई स्थानों पर जलभराव की स्थिति बन गई। बारिश का सबसे अधिक असर विद्यार्थियों और नौकरीपेशा लोगों पर देखने को मिला। स्कूल और कॉलेज जाने वाले छात्र-छात्राओं को रास्तों में कठिनाइयों का सामना करना पड़ा, जबकि सरकारी और निजी कार्यालयों में काम करने वाले कर्मचारियों को भी अपने कार्यस्थलों तक पहुंचने में दिक्कत हुई। लगातार वर्षा के कारण शहर के कई हिस्सों में जल निकासी व्यवस्था प्रभावित हुई। नालियां ओवरफ्लो होने से बारिश का पानी सड़कों और गलियों में भर गया, जिससे वाहनों और पैदल चलने वालों की आवाजाही प्रभावित रही। मौसम विभाग ने आगामी दिनों में भी बारिश की संभावना जताते हुए लोगों से सतर्क रहने की अपील की है। विभाग ने विशेष रूप से नदी-नालों और भूस्खलन संभावित क्षेत्रों से दूर रहने तथा खराब मौसम के दौरान अनावश्यक यात्रा से बचने की सलाह दी है।