हिमाचल प्रदेश के मंडी लोकसभा क्षेत्र की सांसद कंगना रणाैत ने कहा है कि पिछड़ चुके प्रदेश को केंद्र सरकार के सहयोग की जरूरत है और इसको लेकर वह केंद्र में बातचीत कर रही हैं। उन्होंने कुल्लू दौरे के दौरान सोमवार को मीडिया से बातचीत करते हुए कहा कि यहां जिला मुख्यालय में केंद्र और राज्य सरकार की कल्याणकारी योजनाओं को लेकर अधिकारियों के साथ चर्चा की है कि प्रदेश का ओवरऑल विकास कैसे किया जा सकता है और योजनाओं को धरातल पर उतारना कैसे सुनिश्चित किया जा सकता है। केंद्र सरकार से ओवरऑल डेवलपमेंट को लेकर अनुरोग करेंगे। हालांकि, केंद्र सरकार ने हिमाचल में बड़ी स्कीमें लागू की हैं, लेकिन फिर भी हम पहले से जितने पिछड़ गए हैं, उसके लिए उनके सहयोग की जरूरत रहेगी।