विकास खंड बंजार के मंगलौर पंचायत में बीडीसी सदस्य के चुनाव चिह्न में उम्मीदवार का नाम गलत दर्ज करने को लेकर कुछ देर मतदान प्रक्रिया प्रभावित रही। जानकारी है कि यहां बैलेट पेपर में बीडीसी सदस्यों के प्रत्याशियों के नाम एक-दूसरे के चुनाव चिह्न में दर्ज कर दिए थे। जब लोगों की नजर पड़ी तो मतदान प्रक्रिया रोक दी गई और बाद में जांच के बाद जिन दो बैलेट पेपर में प्रत्याशियों के नाम एक दूसरे के स्थान पर दर्ज किए गए थे उन्हें रद्द किया गया। मतदान प्रक्रिया फिर से शुरू की गई। तहसीलदार बंजार नीरज शर्मा ने बताया कि बैलेट पेपर की जांच करने पर दो में प्रत्याशियों के नाम एक-दूसरे के निशान के पास दर्ज किए गए थे जिन्हें रद्द कर दिया है और बाकी बैलेट पेपर सही पाए गए। इस कारण चुनावी प्रकिया शुरू कर दी गई। नाम किसने गलत अंकित किए थे इसको लेकर छानबीन की जा रही है।