मणिकर्ण-बरशैणी मार्ग पर घटीगढ़ के पास हो रहे भूस्खलन की समस्या को देखते हुए बैली ब्रिज का निर्माण किया जाएगा। इसके साथ ही वैकल्पिक सड़क का भी निर्माण किया जाएगा। यह बात कुल्लू सदर विधानसभा क्षेत्र के विधायक सुंदर सिंह ठाकुर ने घटनास्थल का दौरा करने के दौरान कही। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि लोगों को इस समस्या से निजात दिलाने के लिए बैली ब्रिज निर्माण किया जाए और साथ में वैकल्पिक मार्ग भी तैयार किया जाए। इसके लिए उन्होंने तमाम औपचारिकताएं पूरा करने का भी आग्रह किया। बरशैणी पंचायत के अंतर्गत घटीगढ़ में हो रहे भूस्खलन की गंभीर समस्या का जायजा लेने के लिए शुक्रवार को विधायक प्रशासनिक अधिकारियों के साथ प्रभावित क्षेत्र का दौरा करने के लिए पहुंचे। इस अवसर पर उनके साथ एडीसी कुल्लू अश्वनी कुमार, एनएचपीसी के प्रोजेक्ट हेड रणजीत सिंह, वन मंडलाधिकारी, राजस्व विभाग और लोक निर्माण विभाग के अधिकारी भी उपस्थित रहे। निरीक्षण के दौरान विधायक ने कहा कि भूस्खलन के कारण स्थिति काफी गंभीर है और क्षेत्र में काफी नुकसान हुआ है। भविष्य में सुरक्षा इंतजाम के लिए कड़े कदम उठाना अनिवार्य है। उन्होंने स्पष्ट किया कि वैकल्पिक मार्ग बनाने के लिए ग्राम सभा की मंजूरी और फॉरेस्ट राइट एक्ट की औपचारिकताओं को प्राथमिकता के आधार पर पूरा किया जाए। जैसे ही पंचायत प्रस्ताव देगी, भूमि हस्तांतरण की प्रक्रिया पूरी कर कार्य शुरू कर दिया जाएगा। उन्होंने बताया कि एनएचपीसी ने इस कार्य के लिए मशीनरी उपलब्ध करवाने का भरोसा दिया है। उन्होंने लाडा फंड के माध्यम से सड़क बहाली के लिए तुरंत बजट का प्रावधान करने की बात भी कही।